मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को हजारीबाग जिले के बरही गांव में इसी वर्ष सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान मारे गए रुपेश पांडे के परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रुपेश पांडे की माता उर्मिला देवी को नियुक्ति पत्र और ₹500000 की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि हजारीबाग जिले के बरही गांव में इसी वर्ष फरवरी में सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा के पश्चात मूर्ति विसर्जन के दिन गांव के ही कुछ दूसरे समुदाय के लोगों ने 18 वर्षीय रुपेश पांडे की निर्मम तरीके से हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव कायम हो गया था। इस हत्याकांड के विरोध में शव के साथ पीड़ित परिजन ने जीटी रोड कई घंटों के लिए जाम कर दिया था। इस कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। घटना के कारण लोग इतने आक्रोशित थे कि दूसरे समुदाय के लोगों की कुछ वाहनों को भी जला दिया था।। माहौल बिगड़ते देख पुलिस ने रातो रात हजारीबाग जिले समेत झारखंड के 5 जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी थी।
कुछ दिन पहले ही रुपेश की मां ने की थी मुलाकात
कुछ दिनों पहले रुपेश पांडे के परिजनों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की थी। परिजनों ने मुख्यमंत्री से इस मामले में न्याय की मांग की थी। इस बीच मुख्यमंत्री ने रुपेश पांडे की माता को ₹500000 का चेक और नियुक्ति पत्र सौंप कर सभी को चौंका दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले भी इस मामले में कह चुके हैं कि आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

