रांची: DC छवि रंजन मंगलवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की कमियों पर अपनी नाराजगी जताई। सामान्य लक्षण वाले मरीजों को ICU में देख DC ने अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सामान्य लक्षणों वालों को यहां क्यों रखा गया है? ऐसे मरीजों को माइल्ड सिंप्टम वाले वार्ड में ही रखें। फिलाहल सदर अस्पताल में 18 मरीज भर्ती हैं।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल में बेड की व्यवस्था और सुविधा का भी जायजा लिया। DC सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारियों को पूरे अस्पताल को कोविड हॉस्पिटल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दो बेड वाले रूम में भी जगह को देखते हुए 3 बेड लगाएं। उन्होंने जरूरत के अनुसार मेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मियों की भी नियुक्ति के निर्देश दिए।
गंदगी और अव्यवस्था पर बिफरे DC
अस्पताल के गेट से लेकर बिल्डिंग के गेट तक गंदगी देख DC बिफर पड़े। इसके अलावा रास्ते और नाली के बीच के लेवलिंग में लगभग 4 फुट के अंतर, फायर फाइटर के लिए पाइपों को अव्यवस्थित ढंग से लगाए जाने पर जूनियर इंजीनियर व संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

