रांची में बीच सड़क पर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना बुधवार के लगभग 1 बजे रात की है। यहां के दुर्गा सोरेन चौक पर बाइक से आए दो अज्ञात अपराधियों ने ट्रक में सो रहे युवक को गोली मार दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान पंडरा निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। खबर लिखे जाने हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना स्थल से दो खोखा भी बरामद किया गया है।
ट्रक के मालिक भगवान पंडित ने बताया कि वे मृतक के साथ ओडिशा से काजू लेकर रांची आए थे। दोनों टाटीसिल्वे के इलाके में काजू खाली करवा के लौट रहे थे। इसी क्रम में भगवान पंडित जो ट्रक के ड्राइवर भी हैं ने ट्रक को दुर्गा सोरेन चौक के पास पार्क कर गोलू के हवाले सौंप कर चटकपुर स्थित अपने घर सोने चले गए। सुबह उन्हें हादसे की जानकारी दी गई।
ट्रक में रखे थे 25 हजार रुपए
भगवान पंडित ने बताया कि ओडिशा से रांची काजू लाने का किराया उन्हें 25 हजार रुपए मिला था। इसे उन्होंने ट्रक में ही छिपा कर रखा। इसकी जानकारी उन्होंने अपने सहयोगी गोलू को भी नहीं दी थी। हालांकि घटना के बाद वो पैसा ट्रक में उसी तरह सुरक्षित है।

