रांची: दो बच्चों के पिता की संदेहास्पद मौत हुई है। शुक्रवार की सुबह घर से मुर्गा खरीदने निकले युवक का शव 24 घंटे बाद घर से 500 मीटर दूर तालाब में बरामद हुआ है। मामला चुटिया थाना क्षेत्र के विंध्यवासिनी नगर की है। मृतक की पहचान यहीं के रोड नंबर 4 निवासी हरिकांत ठाकुर के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेद दिया गया है। पुलिस फिलहाल इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही है। उनका कहना है कि तफ्तीश शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही हत्या या आत्महत्या के मामलों का पता चल पाएगा।
पिता ने कहा-समय से घर नहीं लौटने पर हुई थी अनहोनी की आशंका
मृतक के पिता शिवदानी ठाकुर ने पुलिस को बताया है कि वह अपने बेटे को शुक्रवार की सुबह लगभग 8 बजे पैसा देकर मुर्गा खरीदकर लाने के लिए बाजार भेजे थे। काफी देर के बाद भी हरिकांत ठाकुर बाजार से वापस घर नहीं लौटा जिसके बाद परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। काफी देर तक घर नहीं लौटने के बाद हरिकांत ठाकुर की खोजबीन शुरू की गई लेकिन काफी प्रयास के बाद भी कुछ जानकारी नहीं मिल पाई। स्थानीय लोगों की मदद से शनिवार की सुबह तालाब में खोजबीन शुरू की गई तो उसका शव बरामद हुआ।
राशन दुकान में करता था काम करता था
पिता ने बताया कि हरिकांत एक राशन दुकान में काम करता था। जबकि उसके पिता शिवदानी ठाकुर नाई का काम करते हैं। हरिकांत के दो बच्चे हैं। पत्नी और दोनों बच्चों के भरण पोषण की जिम्मेवारी भी हरिकांत पर ही थी।

