रांची के बाजरा में गुमला के एक युवक की संदेहास्पद मौत हो गई है। मृतक की पहचान गुमला जिले रायडीह थाना क्षेत्र के केम्टे करंजटोली निवासी एरूस खलखो तिरुपति के रूप में हुई है। शुक्रवार को वह यहां गराज में काम मांगने आया था। सुबह उसी गराज के पास बस की छत से लटकती उसकी लाश मिली।
खबर लिखे जाने तक हत्या की पुष्टि नहीं हो पाई थी। हत्या है या आत्महत्या पुलिस इसकी गुत्थी में भी उलझी हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। इसके साथ ही तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस फिलहाल इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही है।
लॉकडाउन में नौकरी छोड़ गया था अपने गांव
प्राप्त जानकारी के अनुसार एरूस खलखो गराज में गार्ड की नौकरी करता थ। लॉकडाउन में काम छोड़कर वह अपने गांव चला गया था। शुक्रवार को वह गराज में दोबारा काम तलाशने आया था। लेकिन गराज के मालिक ने गार्ड के रूप में किसी और व्यक्ति को काम दे दिया था। इसके कारण उसे काम नहीं मिल सका।
गराज मालिक से आग्रह कर रात में रुका था
गराज मालिक से उसने रात में रुकने का आग्रह किया। मालिक ने उसके रहने का बंदोवस्त भी कर दिया था, लेकिन शनिवार सुबह लोगो ने बस के अंदर उसका शव लटका हुआ देखा, आसपास के लोगों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। बस की छत की ऊंचाई देखकर ऐसा नहीं लगता है की कोई उससे लटक कर आत्महत्या है सकता है।
