रांची : नरकोपी थाना क्षेत्र में रविवार को लोहरदगा से जतरा देखने पहुंची एक नाबालिग के साथ दो किशोर ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. इस संबंध में पीड़िता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पीड़िता के अनुसार वह नगजुआ रेलवे स्टेशन से उतर कर चट्टी दशहरा जतरा देखने जा रही थी.
इसी दौरान रेलवे फाटक के समीप बाइक सवार दो लड़कों ने लिफ्ट देने की बात कह उसे बाइक पर बैठाया और चट्टी जतरा की बजाय मुड़हर पहाड़ ले गये, जहां सामूहिक दुष्कर्म किया. जब उसने शोर मचाया, तब लड़कों ने उसे पहाड़ से धकेल दिया, जिससे वह घायल हो गयी. इधर, ग्रामीणों ने लड़की के घायल होने की सूचना नरकोपी पुलिस को दी.
इसके बाद पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेड़ो ले गयी. वहां उपचार के बाद उसे रिम्स रेफर कर दिया गया. रिम्स में इलाज करा रही पीड़िता ने बरियातू पुलिस को अपना बयान दिया व नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी. इसके आधार पर नरकोपी थाना में मामला दर्ज किया गया. घटना पर ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. दोनों नाबालिग हैं. उनसे पूछताछ की जा रही है.

