रांची: पंडरा इलाके में पॉल्ट्री फार्म कारोबारी पवन कुमार गुप्ता से 4.85 लाख रुपये लूट मामले में चार को दबोचा गया है। इनके पास से हथियार भी बरामद किया गया है। सभी से पुलिस पूछताछ कर रही है। इस मामले में पुलिस सोमवार को खुलासा कर सकती है। बीते 13 जुलाई को अंचल रोड स्थित श्री पॉल्ट्री फार्म मेें घुसकर चार अपराधियों ने लूटकांड को अंजाम दिया था। जब कारोबारी अपने प्रतिष्ठान श्री पोलट्री सेंटर में बैठे थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
इसी के आधार पर पुलिस ने अपराधियों की पहचान के बाद दबोचा गया। जानकारी के अनुसार बीते 13 जुलाई की शाम चार अपराधी पॉल्ट्री फार्म में पहुंचे थे। इनमें एक बाहर था, जबकि भीतर घुसे तीन अपराधियों ने कहा कि उन्हें कोकर में एक पोलट्री फार्म खोलना हैं। इसके लिए उन्हें मुर्गी उपलब्ध करायी जाए। उन्होंने कहा कि कोकर में तो पहले से ही पोलट्री फार्म है। कई दुकानदार उनके ग्राहक हैं।
कोकर के लिए मुर्गी उन्हें नहीं दिया जाएगा। उस इलाके को छोड़कर किसी और जगह में पोलट्री फार्म खोलने के लिए वह माल उन्हें देंगे। इसके बाद सभी अपराधी प्रतिष्ठान से बाहर निकल गए। कुछ देर बात तीनों पुन: प्रतिष्ठान में घुसे। हथियार निकाला और संचालक की कनपट्टी पर सटा दिया। धमकी दी कि शोर मचाया तो गोली दाग देंगे। इसके बाद दो कर्मियों को बंधक बनाया। उनमें से एक अपराधी काउंटर से पैसे निकला। इसके बाद तीनों आराम से बाहर निकले और बाइक से फरार हो गए थे।
10 मिनट के भीतर की थी लूटपाट
पुलिस को घटना की सीसीटीवी फुटेज मिली है। जिसमें देखा गया है कि महज 10 मिनट के भीतर ही पूरी लूटकांड की घटना को अंजाम दिया गया है। फुटेज में देखा गया है कि शाम करीब साढ़े चार बजे तीन से चार अपराधी पॉल्ट्री फार्म में घुसे। पांच मिनट दुकानदार से बातचीत की। इसके बाद बाहर निकले। एक मिनट के बाद दोबारा अपराधी हथियार लेकर दुकान में घुसे। चार मिनट में लूटपाट कर निकल गए। फुटेज के आधार पर पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

