रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लगातार दूसरे दिन शव बरामद किया गया है। शनिवार की सुबह शालीमार बाजार स्थित मछली घर के सामने पुल के नीचे शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना धुर्वा थाने के पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले ली है।
प्राथमिक जांच में मृतक की पहचान पुलिसकर्मी तिला राम मांझी के रूप में हुई है। वे रांची के ही एक थाने में पोस्टेड थे। शुरुआती तफ्तीश में मामला शराब के नशे में एक्सीडेंट का लग रहा है। हालांकि पुलिस फिलहाल इस मामले में कुछ भी बताने से बच रही है।
धुर्वा थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। मृतक के परिजन को घटना की जानकारी दे दी गई है और पुलिस उनके थाना पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
लगातार दूसरे दिन मिला है शव
परिजन के थाना आने के बाद शव की शिनाख्त कराई जाएगी। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। धुर्वा थाना में लगातार दूसरे दिन शव मिला है। इससे पहले शुक्रवार को रांची में कार्यरत पूर्व पत्रकार का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस उसे आत्महत्या का केस मानकर जांच में जुट गई है।
