झारखंड में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा है. पारा पहले से गिरा हुआ है. इससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है. मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि 13 मई तक झारखंड के विभिन्न इलाकों में बारिश की संभावना है. इस दौरान मेघ गर्जन भी हो सकता है. 11 मई को राज्य के दक्षिण, पूर्वी-मध्य एवं उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गयी है. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे हो सकती है.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 13 मई तक झारखंड के विभिन्न इलाकों में बारिश होती रहेगी. इस दौरान गर्जन भी हो सकता है. राज्य में लोगों को एक सप्ताह से गर्मी से राहत मिली हुई है. दिन में धूप होने के बाद शाम होते-होते मौसम बदल जा रहा है. बादल और तेज हवा के साथ कभी-कभी बारिश भी हो जा रही है. इसका असर अधिकतम तापमान पर दिख रहा है.
11 मई के लिए चेतावनी जारी
झारखंड के अधिकतर जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि से नीचे चल रहा है. मौसम केंद्र ने 11 मई को राज्य के दक्षिण, पूर्वी-मध्य तथा उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे हो सकती है. सभी जिलों का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेसि के बीच हो सकता है.
चक्रवाती तूफान का झारखंड में असर
चक्रवाती तूफान ‘असानी’ को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. इस तूफान के मद्देनजर मंगलवार से शुक्रवार के बीच पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है. इसका असर झारखंड के कुछ हिस्सों पर भी पड़ सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में मंडरा रहे तूफान के रविवार की शाम को 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चक्रवात में तब्दील होने का अनुमान है.

