रांची: कोरोना से बचाव में कोविड वैक्सीन को कारगर माना जा रहा है. ऐसे में लोग अपनी दोनों डोज लगाकर खुद को सुरक्षित करने में लगे है. लेकिन रविवार को एक महिला को कोविड वैक्सीन का सेकेंड डोज लगाना भारी पड़ गया. इतना ही नहीं उसकी जान पर भी आफत बन आई. जब उसे पता चला कि उसे सेकेंड डोज में कोवैक्सीन की जगह कोविशील्ड लगा दी गयी है. बस फिर क्या था थोड़ी देर में ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. स्थिति को देखते हुए तत्काल उसे मेडिका हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया. जहां डॉक्टर उसपर नजर बनाए हुए हैं.
क्या है पूरा मामला
शिवाजी नगर की रहने वाली शीला देवी ने फर्स्ट डोज कोवैक्सीन की लगवाई थी. एक महीने के बाद वह अपनी सेकेंड डोज लेने के लिए एडवांस डायग्नोस्टिक सेंटर में पहुंच गयी. जहां ड्यूटी में तैनात हेल्थ वर्कर ने उन्हें बिना कुछ पूछे ही कोविशिल्ड लगा दिया. इसके बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी. इतना ही नहीं थोड़ी देर में पसीना आने लगा और बेहोश हो गयी. आनन-फानन में उसे मेडिका ले जाया गया जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे है. वहीं महिला के परिजन का कहना है कि सेंटर ने गलती की है. जिसके लिए प्रबंधन को उन्हें लिखित में देना होगा.
क्या कहता है हॉस्पिटल प्रबंधन
मेडिका हॉस्पिटल रांची के एडवाइजर आनंद श्रीवास्तव ने माना कि सेंटर पर गलती हुई है. लेकिन इसके लिए एक्सपर्ट्स से भी तत्काल बात कर सलाह ली गयी. जिसके बारे में एक्सपर्ट्स ने कहा कि ऐसे कई मामले देशभर में सामने आए है. जिन्हें दो अलग-अलग वैक्सीन की डोज लगाई गयी. इसके बाद भी उन्हें कोई साइड इफेक्ट नहीं हुआ. डॉक्टर फिलहाल उसपर नजर रखे हुए है.

