रांची के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र की आरा पंचायत के बड़का टोली में सीसीएल कर्मी सीपी आइंद ने अपनी ही पत्नी रेखा आइंद की गोली मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं मर्डर करने के बाद पहले उसने फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद थाना पहुंचकर खुद बताया कि किसी ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी।
मामले में मोड़ तब आया जब बेटे ने पुलिस को बताया कि उसका पिता ही मां का हत्यारा है। इसके बाद जब पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तब उसने बताया कि उसे अपनी पत्नी पर शक था । वह फोन पर किसी से बात करती थी। उसका किसी के साथ अवैध संबंध था। इसीलिए उसने गोली मार दी।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल तफ्तीश जारी है। कुछ भी बताना जल्दबाजी होगी।
सीसीएल हेडक्वार्टर में कार्यरत है आरोपी
आरोपी सीपी आइंद रांची के सीसीएल हेडक्वार्टर दरभंगा हाउस में टेलीफोन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। लगभग 22 साल पहले इसकी शादी रेखा से हुई थी। शादी के बाद इसके तीन बच्चे हैं। बड़े बच्चे की उम्र 20 वर्ष है।
गाने के एलबम में भी करता है काम
आरोपी लोकल फिल्मों में भी काम करता है। अभी हाल ही में वह एक फिल्म की शूटिंग कर रहा था। इसके अलावा वह कई स्थानीय एलबम में भी कलाकार के रूप में काम किया है।

