राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना पुलिस ने हथियार के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी का नाम अरशद फिरोज है। वह रांची शहर के चर्च रोड सेकेंड स्ट्रीट का रहने वाला है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक अपराधी हथियार के साथ आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश कर रहा है। इस सूचना के बाद लोअर बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार ने दारोगा महताब खान के नेतृत्व में एक टीम को छापेमारी के लिए भेजा। हथियार के साथ होने की सूचना पर पुलिस की टीम काली मंदिर के पास पहुंची। घेराबंदी कर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया अपराधी अरशद फिरोज पूर्व में छह बार जेल जा चुका है। उस पर हत्या, लूटपाट और चोरी करने सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है। लोअर बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद एक टीम भेजकर उसे दबोचा गया है। वह लूटपाट के अलावा अन्य घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। आगे पूछताछ में और जानकारी मिलेगी।

