रांची: साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस को सफलता मिली है. वन प्लस मोबाइल स्टोर का रांची में फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 2.99 लाख रुपये ठगी किये जाने के मामले में बिहार के नालंदा और नावादा से रांची साइबर थाना की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक की गिरफ्तारी नवादा जिले से हुई है, जबकि दूसरे आरोपी को नालंदा जिले से गिरफ्तार किया गया है. यह जानकारी रांची साइबर थाना की प्रभारी सह डीएसपी नेहा बाला ने दी.
रांची साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी मामले में नवादा जिले के वारसलीगंज थाना अंतर्गत पटेल नगर निवासी दीपक कुमार (32 वर्ष) और नालंदा के दीपनगर थाना अंतर्गत कारगिल चौक से विकास गिरी (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. इनके पास से वारदात में उपयोग किया गया दो मोबाइल, एक एटीएम, चार सिम और एक पासबुक बरामद किया गया है.
रांची साइबर थाना की प्रभारी सह डीएसपी नेहा बाला ने बताया कि रांची के चर्च रोड, विक्रांत चौक संतुष्टि अपार्टमेंट निवासी शहनाज मल्लिक ने 10 दिसंबर 2021 को वन प्लस मोबाइल स्टोर का फ्रेंचाइजी रांची में दिलाने के नाम पर 2.99 लाख रुपये ठगी किये जाने की प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहार से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया.

