रांची: रिम्स प्रबंधन ने लोगों को दलालों से बचाने के लिए मोक्ष यात्रा वाहन की शुरुआत की है. जिससे कि लोग अपने परिजनों के शव घर तक ले जा सकते है. इसके लिए प्रबंधन ने नई गाइडलाइन जारी कर दी गई है. जिसके तहत अब शव को ले जाने के लिए लोगों को मनमाना चार्ज नहीं चुकाना होगा.
रिम्स की वैन के लिए 10 किलोमीटर जाने का किराया 500 रुपये रखा गया है. इसके बाद प्रति किलोमीटर 9 रुपये चार्ज देना होगा. जिसमें जाने और आने का किलोमीटर भी जोड़ा जाएगा. वहीं बीपीएल और 72 हजार की आय वालों के लिए मोक्ष यात्रा वाहन के लिए कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा. बुकिंग के लिए 7870422257 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.
25 किलोमीटर के लिए 24 घंटे सर्विस
मोक्ष यात्रा वाहन की सर्विस 25 किलोमीटर तक जाने के लिए 24 घंटे मिलेगी. इससे अधिक दूरी के लिए बुकिंग सुबह के सात बजे से लेकर शाम को 4 बजे तक की जा सकती है. किसी भी हाल में 4 बजे के बाद 25 किलोमीटर से ज्यादा नहीं जाने का निर्देश सुपरिटेंडेंट ने जारी किया है. बताते चलें कि रिम्स को 6 मोक्ष यात्रा वाहन उपलब्ध कराए गए हैं जिससे कि परिजनों को परेशानी न हो.

