लातेहार: बालूमाथ थाना क्षेत्र के मकईयाटांड़ पुल के पास हाइवा और कार में सीधी टक्कर हो गई। जिसमें कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान बारियातू के गोनिया नावाडीह निवासी भाजपा नेता कामेश्वर भोक्ता व दीपक कुमार सिंह पिता कन्हाई सिंह के रूप में की गई है।
बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया
दोनों घायलों का बालूमाथ अस्पताल में चिकित्सक डा. सुरेश राम के द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। घायल कामेश्वर भोक्ता की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है, वहीं एक अन्य घायल दीपक सिंह को भी गंभीर चोटे आई है।
दोनों बुरी तरह से घायल
जानकारी के अनुसार भाजपा प्रदेश कार्यसमिति एससी मोर्चा के कार्यसमिति सदस्य कामेश्वर भोक्ता अपनी कार से रांची से अपने पैतृक गांव (गोनिया नावाडीह) जा रहे थे। इसी दौरान मकईयाटांड़ बड़की नदी पुल के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात हाईवा टक्कर मारते हुए फरार हो गया। इस दुर्घटना में भाजपा नेता कामेश्वर भोक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए तथा कार में सवार दीपक सिंह कार में ही बुरी तरह फंस गए। जिन्हें गेट व कार का शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया तथा बालूमाथ अस्पताल पहुंचाया गया।

