चारा घोटाले में सजायाफ्ता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की जमानत याचिका पर शुक्रवार को झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। इसमें CBI ने अपना जवाब दाखिल करने के लिए कोर्ट से समय मांगा। कोर्ट ने आगामी 22 अप्रैल को सुनवाई की अगली तिथि निर्धारित कर दी। यह मामला जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की अदालत में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध था।
गोधरा कांड को लेकर बतौर पूर्व रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव इन दिनों फिर राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा में हैं। राज्यसभा में एक बिल पर बहस के दौरान लालू प्रसाद यादव का जिक्र होने पर गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में बयान दिया था। इसमें गोधरा कांड की जांच के लिए लालू प्रसाद की ओर से रेलवे की अलग कमेटी गठित करने पर सवाल उठाए गए। इससे पहले यह मुद्दा भाजपा के सांसद बृजलाल ने उठाया था जिसके बाद RJD ने इसका विरोध किया था। तब अमित शाह ने खुद मोर्चा संभाल लिया।
लालू यादव की जमानत पर सबकी निगाहें लगी थी। इससे पहले 1 अप्रैल को न्यायाधीश के अदालत में नहीं बैठने के कारण लालू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी थी। इसके पहल जमानत याचिका पर 11 मार्च को सुनवाई होनी थी लेकिन उस समय भी सुनवाई नहीं हो सकी थी। उस तारीख पर अदालत ने सीबीआई कोर्ट से रिकॉर्ड (LCR) मंगाने का निर्देश दिया था। दरअसल, लालू प्रसाद यादव ने सीबीआई अदालत के आदेश के खिलाफ झारखंड उच्च न्यायालय में 24 फरवरी को अपील दाखिल की थी। अपनी अपील के साथ ही लालू यादव ने जमानत के लिए भी आवेदन दिया था। जिस पर चार मार्च को सुनवाई हुई थी, लेकिन अदालत ने याचिका में त्रुटियों को दुरुस्त करने का निर्देश देते हुए इसकी सुनवाई 11 मार्च को निर्धारित की थी।
जमानत के लिए दी गई यह दलील
लालू प्रसाद को CBI की विशेष अदालत ने पांच साल की सजा और 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। सजा के खिलाफ लालू प्रसाद ने हाई कोर्ट में अपील दाखिल की है। लालू प्रसाद यादव की जमानत याचिका में बढ़ती उम्र और 17 प्रकार की बीमारियां होने का हवाला दिया गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि उन्होंने इस मामले में सजा की आधी अवधि जेल में पहले ही पूरी कर ली है। इस आधार पर उन्हें जमानत की सुविधा मिलनी चाहिए। इससे पहले 22 मार्च को चारा घोटाले में यहां सजा भुगत रहे राजद प्रमुख एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को किडनी में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए रिम्स के मेडिकल बोर्ड की सलाह पर विशेष विमान से उनकी बेटी मीसा भारती अपने साथ दिल्ली स्थित एम्स ले गयी थीं। फिलहाल वहीं उनका इलाज चल रहा है।

