पलामू: शहर में मंगलवार को एक ट्रक से दुर्गंध आने के बाद सनसनी फैल गई। लोगों को लगा गाड़ी में शवों को भर कर ले जाया जा रहा है। इससे परेशान लोगों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर की तलाश की। पर वो नहीं मिला। कुछ देर बाद ड्राइवर मौके पर पहुंचा तो उसने बताया कि ट्रक में जानवरों की हड्डियां लदी है, जिसे संबलपुर में एक कैमिकल बनाने वाली बोन जिलेटिन फैक्ट्री में देना है। पर ट्रक के खराब हो जाने से उसे गाड़ी यहीं खड़ी करनी पड़ी। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
यूपी नंबर मालवाहक ट्रक जो सब तरफ से पैक था, उसे लावारिश हालत में खड़ा देख लोग उसके पास पहुंचे। पर गाड़ी से आ रही दुर्गंध से लोग ज्यादा नजदीक नहीं जा सके। ट्रक को सोमवार की रात NH-39 पर रेड़मा में भगवती हॉस्पिटल के पास खड़ा किया गया था। ट्रक से उठती दुर्गंध और उसमें किसी के न होने से कई तरह की चर्चा होने लगी। स्थानीय लोगों ने ट्रक में शव होने की शंका पर शहर थाना को फोन किया।
टीओपी टू प्रभारी रामजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मामले की जांच के लिए पहुंचे। ट्रक के पास काफी समय गुजारने के बाद पुलिस की मुलाकात ड्राइवर से हुई। तब ट्रक के इस तरह खड़ा करने और दुर्गंध उठने के राज से पर्दा उठा। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि ट्रक मेदिनीनगर के रास्ते कानपुर से ओडिशा के संबलपुर ले जा रहा था। ट्रक में जानवरों की हड्डियां थी। इसी बीच गाड़ी खराब हो गई। इस वजह से ट्रक को सड़क पर छोड़ना पड़ा।
इसके बाद पुलिस ने गाड़ी के मालिक और केमिकल फैक्ट्री में बात की। ट्रक ड्राइवर द्वारा बताई गई बातें सही निकली। इसके बाद मंगलवार की सुबह पुलिस ने दूसरे वाहन से खिंचवा कर ट्रक को रिहायशी इलाके से दूर जोगियाही रेलवे लाइन की तरफ खड़ा करा दिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण महथा ने बताया कि गाड़ी मालिक रांची से मजदूरों के साथ एक ट्रक भेज रहे हैं। हड्डियों को दूसरे ट्रक में डालकर आगे भेज दिया जाएगा।

