धनबाद: गैंग्स ऑफ वासेपुर के नाम से चर्चित वासेपुर इलाके में सक्रिय अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक बार फिर अपनी कमर कस ली है। इलाके में दिन दहाड़े हुई लाला खान और नन्हे की हत्या के बाद पारिवारिक दुश्मनी के और बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी। इस बीच शनिवार को पुलिस ने गैंगेस्टर सजायाफ्ता फहीम खान के बेटे इकबाल खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह गिरफ्तारी बैंक मोड़ थाना क्षेत्र स्थित वासेपुर कमर मखदूमि रोड आवास से की। गिरफ्तार के बाद आरोपी को स्वास्थ्य जांच के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया। जांच के बाद धनबाद न्यायालय में पेश कर मंडल कारा भेज दिया गया।
रमजान मंजिल नया बाजार निवासी सोहेब आलम ने फहीम के बेटे रज्जन खान, इकबाल खान,भांजे प्रिंस खान, बंटी खान एवं गॉडविन के विरुद्ध बैंक मोड़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी के मुताबिक 7 फरवरी 18 को उपरोक्त आरोपियों ने दिन के 10:00 बजे सोहेब आलम से 10 लाख रुपए रंगदारी की मांग की थी। आरोपियों ने नया बाजार स्थित 5 कट्ठा जमीन लिख देने की धमकी दी थी। विरोध करने पर सभी आरोपियों ने सोहेब को पिस्तौल सटाकर जान मारने की धमकी दी थी।
21 मई 19 को प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी श्रुति सोरेन की अदालत ने अभियुक्त फहीम खान के पुत्र इकबाल खान, रज्जन खान, भांजा बंटी खान, प्रिंस खान, गोडविन खान व पूर्व पार्षद इम्तियाज खान को सोहेब से रंगदारी मांगने के आरोप मे तीन -तीन वर्ष की कैद एवं तीन-तीन सौ रुपये जुर्माना लगाकर दंडित किया था। जिसे इकबाल समेत अन्य अपील दायर कर चुनौती दी थी। वह बेल पर बाहर चल रहे थे। इस बीच कोर्ट ने इनके खिलाफ फिर वारंट जारी कर दी।
गैंग्स ऑफ वासेपुर में सक्रिय दो गुटों के बीच इन दिनों जमीन और रेलवे में ठेकेदारी को लेकर रंगदारी मांगने को लेकर विवाद चला है। इसको लेकर अक्सर दोनों गुट आमने-सामने आ रहे हैं।

