झरिया: दशकों से उपेक्षित पश्चिम बंगाल और झारखंड को जोड़ने वाली जर्जर झरिया- बलियापुर मुख्य सड़क की दशा अब जल्द सुधारने वाली है। 44.49 करोड़ की लागत से इस सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण के कार्य का शिलान्यास शनिवार को घनुडीह के पास झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने पूजा व दीप प्रज्वलित कर किया। आचार्य राजेश पांडेय ने भूमि पूजन कराई। सड़क निर्माण कार्य की देखरेख पथ निर्माण विभाग की ओर से की जाएगी। लगभग पांच किलोमीटर तक सड़क बीसीसीएल के क्षेत्र में आता है। कई जगह सड़क जमीनी आग की चपेट में है। इस बाबत कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी ले लिया गया है। झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग के कायाकल्प होने की सूचना से स्थानीय लोगों में हर्ष व्याप्त है। संवेदक मेसस दारोगा प्रधान का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य में दो पुल, 17 पुलिया भी बनाई जाएगी।
मालूम हो कि इसके पूर्व इस जर्जर सड़क की मरम्मत धनबाद नगर निगम की ओर से लाखों की राशि पर शुरू किया गया था। लेकिन झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने सरकार से निगम के कार्य का विरोध करते हुए इसे और अच्छे ढंग से बनाने के लिए पहल की। इसके बाद सरकार की ओर से कई गुना राशि बढ़ाकर सड़क निर्माण कार्य को नवंबर माह में मंजूरी दी गई। मौके पर डीएसपी अभिषेक कुमार, विधायक प्रतिनिधि केडी पांडेय, सूरज सिंह, रामकृष्ण पाठक मुखिया मनोज सिंह, अक्षय यादव, मुन्ना सिंह, मल्लू सिह, जीतू मोदक, राजू झा, अमृत महतो, बबलू सिंह, सुरेश यादव, प्रभास सिंह, हराधन मोदक, उमाशंकर चौहान, मनोज यादव, राकेश सिंह, राजू राम, सुजित सिंह, रमेश राम, किशोर सिंह, बीसीसीएल के नागेंद्र यादव, वीरेंद्र कुमार सिन्हा के अलावा झरिया थाना और घनुडीह ओपी के पुलिस अधिकारी थे।
झारखंड और पश्चिम बंगाल को जोड़ती है झरिया बलियापुर सड़क
झरिया-बलियापुर मुख्य सड़क झारखंड और पश्चिम बंगाल के लोगो को जोड़ने का काम करती है। इस सड़क से हर दिन सैकड़ों लोग झरिया बलियापुर से पश्चिम बंगाल आना-जाना करते हैं। झरिया रेलवे स्टेशन से जयरामपुर मोड़ तक लगभग पांच किलोमीटर सड़क दशकों से काफी जर्जर हालत में है। इसके कारण सड़क में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण से लोगों को काफी राहत मिलेगी। सड़क दुर्घटनाएं भी कम होंगी।

