खूंटी: इश्क में पागल युवक की इस कहानी को पढ़ कर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। जिस पिता ने लाड-प्यार से पाल कर बेटे को बड़ा किया, उसी ने अपने पिता की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। केवल इसलिए कि पिता ने एक शादीशुदा महिला से इश्क फरमा रहे अपने पुत्र को ऐसा नहीं करने की सलाह दी थी। यह शर्मनाक घटना झारखंड के खूंटी जिले की है।
पिता की मनाही के कारण बेहद नाराज चल रहा था पुत्र
पुलिस के अनुसार, तोरपा थाना क्षेत्र के कनकलोया गांव में यह घटना शनिवार देर रात की है। आरोपित पुत्र विलवन मुंडा उर्फ विलवन तोपनो एक ऐसी महिला से इश्क कर रहा है, जो पहले से शादीशुदा है। 68 वर्षीय पिता धीरन मुंडा को इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने पुत्र को समझाया। डांट-फटकार भी लगाई। इससे वह नाराज चल रहा था। वह किसी कीमत पर अपनी शादीशुदा गर्लफ्रेंड को नहीं छोड़ना चाहता था।
चाकू से वार करते जमीन पर गिर गए पिता
पुलिस के अनुसार, शनिवार की रात 68 वर्षीय धीरन मुंडा अपने घर में सब्जी बना रहे थे। इसी बीच उनका छोटा बेटा विलवन मुंडा उर्फ विलवन तोपनो आया। अपने पिता से उलझ गया। देखते ही देखते बाप-बेटे में झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान बेटे ने बगल में रखे चाकू से पिता धीरन मुंडा के गले पर प्रहार कर दिया। बाप-बेटे में झागड़ा होते देखकर उसकी मां बिल्सी तोपनो बीच बचाव करने गई, तो आरोपित विलवन ने अपनी मां पर भी वार कर दिया। मां के हाथ चाकू से जख्मी हो गए।
पुलिस के समक्ष आरोपित ने स्वीकार किया अपना अपराध
जानकारी के अनुसार, आरोपित विलवन मुंडा उर्फ विलवन तोपनो जिस महिला से प्यार करता है, वह गांव की ही रहने वाली बताई जा रही है। वह उस महिला के प्रेम में इस कदर डूब चुका है कि उसे अब भी छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। उसने पुलिस के समक्ष अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है।

