राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत 12 घंटे के प्रवास पर सात महीने बाद गुरुवार को पटना पहुंचे। संघ के उत्तर-पूर्व क्षेत्र कार्यालय के पदाधिकारियों ने पटना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। उसके बाद उन्होंने राजेंद्र नगर स्थित विजय निकेतन में संघ के कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। बिहार प्रांत के प्रमुख कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद दोपहर में आडियो कुंभ एप का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में पटना के सूचीबद्ध विशिष्ट लोग शामिल हुए। भागवत गुरुवार की रात में झारखंड के धनबाद लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे तीन दिन तक रुकेंगे। उनके बिहार आगमन के राजनीतिक अर्थ (Political Meanings) तलाशे जा रहे हैं।
भागवत की कार्यकर्ताओं के साथ बैठक
गुरुवार को पटना पहुंचे मोहन भागवत बिहार में संघ के विस्तार की योजनाओं और कोरोना की तीसरी लहर से ग्रामीण इलाकों में बचाव के लिए स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। बीते अगस्त महीने से दिए जा रहे इस प्रशिक्षण को ‘आरोग्य मित्र प्रशिक्षण योजना’ का नाम दिया गया है। उन्होंने कुंभ एप का लोकार्पण भी किया।

