बिष्टुपुर 32 लाख की लूट के बाद दूसरी बड़ी घटना है, व्यवसायियों ने कहा जमशेदपुर की सुरक्षा राम भरोसे
जमशेदपुर : शहर में पांच दिनों पहले बिष्टुपुर में हुई 32 लाख की लूट का खुलासा अभी नहीं हो पाया है कि अपराधियों ने खुद को पुलिस वाला बताकर शुक्रवार की संध्या लगभग 4.30 बजे साकची बसंत टॉकीज के पास से 200 ग्राम सोना लूटकर फरार हो गया। वहीं घटना की जानकारी पाकर सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट के साथ साथ सिंहभूम चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका और कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश संथालिया भी मौके पर पहुंचे। साथ ही पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। जिसके माध्यम से पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में हॉल मार्क का काम करने वाले रिशव सर्राफ ने बताया कि उनके दो कर्मचारी शुभम और बापी डालडा लाइन से 200 ग्राम सोना लेकर साकची के दीप ज्वेलर्स की तरफ पैदल ही जा रहे थे। इसी बीच बाइक सवार दो लोगों ने बसंत टॉकीज के पास खुद को पुलिस वाला बताकर उन्हें रोका। जिसमें से एक ने अपना आई कार्ड दिखाया और दूसरा व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहने हुए था। जिसके बाद बैग में गांजा और चरस अफीम होने की बात कह खोलकर दिखाने को कहा। इस दौरान बैग को दोनों ने झटक कर खोलने के बाद उसके अंदर से 200 ग्राम सोना लूटकर काशीडीह के रास्ते बाइक से फरार हो गए। घटना की जानकारी पाकर सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज को भी देखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि घटना का फुटेज उपलब्ध हो गया है। मामले की जांच की जा रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पुलिस के नाम को अपराधियों ने बदनाम करने का काम किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। मौके पर सिंहभूम चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि जिस तरह से व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है, उससे तो लग रहा है कि अब शहर की सुरक्षा राम भरोसे ही चलेगा। पुलिस का फेवरेट काम हेलमेट चेकिंग और सीट बेल्ट देखना ही रह गया है। यहां की जनता अमन चैन से रह सके, इसपर बिल्कुल ही पुलिस ध्यान नहीं दे रही है और लगातार घट रही इस तरह की घटनाओं से व्यापारी वर्ग पूरी तरह से भयभीत हैं। व्यापारियों से सरकार को सिर्फ राजस्व लेने भर से ही मतलब है।
वहीं मामले में कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश संथालिया ने कहा कि शुक्रवार की घटना के बाद से व्यापारियों में भय का माहौल व्याप्त है और अब वे व्यापार कैसे करेंगे। खुलेआम लूट और छिनतई की घटनाएं घट रही है। अगर दो दिन के लिए कोई घर से बाहर जा रहा है तो चोरी की घटना घट रही है। जिससे व्यापारी वर्ग खासा परेशान हैं। 32 लाख रुपए की लूट में भी पुलिस को अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है।

