रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के आवास का घेराव कर रहे हैं। ये प्राथमिक स्कूलों में होनेवाली शिक्षक नियुक्ति में एक और परीक्षा लेने का विरोध कर रहे हैं। साथ ही शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यार्थियों की पूर्व की तरह जिला स्तर पर कॉउंसलिंग कर अकादमिक अंकों तथा शिक्षक पात्रता परीक्षा के अंकों के आधार पर मेधा सूची के आधार पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। दरअसल, राज्य सरकार प्राथमिक शिक्षक नियुक्ति नियमावली में संशोधन कर रही है। इसमें शिक्षक नियुक्ति के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण होने के बाद एक और लिखित परीक्षा लेने का प्रविधान किया जा रहा है।
राज्य सरकार द्वारा तैयार की जा रही नई नियुक्ति नियमावली के अनुसार, नियुक्ति हेतु लिखित परीक्षा का आयोजन झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा किया जाएगा। इसमें शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग लेंगे। वर्ष 2015- 16 में हुई नियुक्ति में मेधा सूची जिला स्तर पर जारी की गई थी। शिक्षक पात्रता परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की मेधा सूची उनके एकेडमिक तथा टेट के अंकों के आधार पर बनी थी।
लेकिन अब राज्य सरकार शिक्षक पात्रता परीक्षा के बाद एक और परीक्षा लेने की तैयारी कर रही है। दरअसल, वर्ष 2015 तथ 2016 में जिला स्तर पर हुई नियुक्ति में कई जिलों में अनियमितताएं सामने आई थीं। साथ ही कई बार काउंसिलिंग किए जाने के बाद भी सभी पद नहीं भर पाए थे। इसमें समय भी बहुत अधिक लगा था। राज्य स्तर पर होनेवाली नियुक्ति से एक ही परीक्षा से सभी जिलों में एक साथ नियुक्ति हो पाएगी।

