कुमारडुंगी (पश्चिमी सिंहभूम): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में इंसानियत को शर्मशार करनेवाली घटना घटी है। जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में टांगी से काटकर बुजुर्ग दंपती को मौत के घाट उतार दिया गया। हत्यारा रिश्ते में मृतक का भतीजा लगता है। घटना शुक्रवार रात को करीब 11 बजे घटी है। हत्यारोपी सनातन बारजो ने अपने बड़े भाई रघुनाथ बारजो के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 11 बजे सनातन बारजो के घर के दरवाजे पर आवाज आ रही थी। आवाज सुनकर जब सनातन ने घर से बाहर निकलकर देखा तो एक जंगली सुआर दौड़ कर भाग रहा था। उसे मारने की नीयत से सनातन टांगी व चाकू लेकर सुअर के पीछे दौड़ा। सुअर दौड़ाते हुऐ गुरुचरण बारजो के घर होते हुऐ गायब हो गया। सनातन ने सुअर को गुरुचरण के घर तक दौड़ाया। वहां देखा कि गुरुचरण के घर का दरवाजा खुला है। गुरुचरण चटाई बिछाकर बैठा था। सनातन ने सुअर का बहाना लेकर गुरुचरण को टांगी से वार कर हत्या कर दी। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद सनातन गुरुचरण की पत्नी जोगों कुई की खोज करने लगा। इसी में जोगों कुई के साथ रास्ते में ही सनातन की मुलाकात हो गई। सनातन व रघुनाथ दोनों भाई ने मिलकर उसकी गला दबाकर वहीं आंगन में हत्या कर दी। इस दौरान जोंगो का बेटा सोनाराम बारजो वहां पहुंचा था। उसे भी मारने का प्रयास किया गया तो वह वहां से भाग गया।

