Ranchi: रांची प्रतिष्ठत अस्पताल सेवा सदन के भवन को गिराने के निर्देश के खिलाफ रांची के उप महापौर संजीव विजयवर्गीय आगे आए हैं. इन्होंने कहा है कि वैसे भवन जो पिछले 50 सालों से सेवा कार्य कर रहे हैं उन्हों तोड़ना व्यवहारिक नहीं है. उप महापौर ने कहा है कि जब सेवा सदन का भवन बना था, तब रांची में नक्शे का प्रावधान नहीं था. तब से आज तक सेवा सदन अस्पताल ने लाखों लोगों की जिंदगियां बचाई है. अब इसे तोड़ने का नोटिस जारी करना उचित नहीं है.
मालूम हो कि सेवा सदन प्रबंधन द्वारा भवन का नक्शा नहीं दिखाये जाने के बाद नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने पंद्रह दिनों के भीतर अस्पताल भवन को गिराने का निर्देश निर्गत किया है. उप महापौर ने कहा है कि ऐसे भवनों को नियम के अनुसार रेगुलाइज करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिये वक्त देना चाहिये. उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गरीबों को आवास देने का काम किया जा रहा है तो वहीं रांची नगर निगम घर तोड़ने का काम कर रही है.

