रांची। रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने बेड़ो प्रखण्ड में आयोजित स्वीप कार्निवाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रंगोली, चित्रांकन, क्विज, लोकगीत, लोकनृत्य, फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया जिसमें बढ़ चढ़कर स्थानीय लोगों एवं स्कूली बच्चों ने भाग लिया।
डीसी छवि रंजन ने कहा कि माण्डर उप चुनाव के दौरान सभी योग्य मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें। सभी आयुवर्ग के लोग 23 जून को इस उप चुनाव में अपनी भागीदारी निभाएं। इस उप चुनाव में सभी दिव्यांगजनों, 80 साल के वृद्ध व्यक्तियों तथा कोविड – 19 से पीड़ित मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इस सभी को पोस्टल बैलट की सुविधा मुहैया कराई गई है। साथ ही साथ जिला प्रशासन द्वारा वाहन की भी व्यवस्था की गई है। इसीलिए सभी वृद्ध, दिव्यांग, महिला, पुरुष और युवा अपना वोट अवश्य डालें।
डीसी छवि रंजन ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को मतदाता प्रतिज्ञा दिलाई। सबको बिना किसी लोभ, लालच में आए वोटिंग करने को प्रेरित किया।
देवगांव फुटबॉल टीम लापुंग और महादानी बेड़ो टीम के बीच स्वीप टूर्नामेंट के तहत फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। डीसी श्री छवि रंजन ने सभी खिलाड़ियों को खुद मतदान करने तथा अपने सगे संबंधियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने को कहा।
डीसी ने इस अवसर पर दिव्यांगजनों से भी मुलाकात किया और उनसे मतदान तिथि के बारे में जानकारी ली। कुछ दिव्यांगों ने बताया कि वह पोस्टल बैलट का इस्तेमाल कर रहे हैं और 23 जून को मतदान भी करेंगे।
डीसी श्री छवि रंजन ने लोकतंत्र का वृक्ष लगाया और हर मतदान केंद्र पर इको फ्रेंडली उत्पादों का उपयोग करने को कहा।
रंगोली प्रतियोगिता के स्कूली बच्चों को किया पुरस्कृत
डीसी ने रंगोली प्रतियोगिता के स्कूली बच्चों को पुरस्कृत भी किया। प्रथम स्थान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बेड़ो, द्वितीय स्थान उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बेड़ो और तृतीय स्थान डी ए भी विवेकानंद स्कूल ने प्राप्त किया। इस अवसर पर डीसी ने स्कूली बच्चों द्वारा बनाए गए रंगोली, पेंटिंग ईत्यादि का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर स्वीप के नोडल पदाधिकारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ0 प्रभात शंकर एवं सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग शत्रुंजय कुमार, बेड़ो प्रखण्ड के बीडीओ प्रवीण कुमार समेत सीडीपीओ, बी ई ई ओ एवं अन्य प्रखण्ड के कर्मी उपस्थित थे।
डीसी ने केंद्रीय शान्ति समिति के सदस्यों को दिया धन्यवाद
शान्ति व्यवस्था कायम रखने में जिला प्रशासन राँची का सहयोग करने के लिए किया आभार प्रकट
रांची। डीसी राँची श्री छवि रंजन ने केन्द्रीय शान्ति समिति, राँची के सभी सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
डीसी छवि रंजन ने कहा कि राँची शहर की अमन, शान्ति और सौहार्दपूर्ण वातावरण को बनाए रखने में केन्द्रीय शान्ति समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई है। केन्द्रीय शान्ति समिति के प्रबुद्धजनों ने जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी समुदायों के बीच आपसी भाईचारा का संदेश दिया है। इन गणमान्य सदस्यों का सहयोग जिला प्रशासन, राँची को हर कदम पर मिलता रहा है। आशा है कि भविष्य में भी यही परम्परा जारी रहेगी।
डीसी छवि रंजन ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आगामी पर्व – त्योहारों में भी सभी समुदायों के बीच आपसी तालमेल और समन्वय स्थापित करने में केंद्रीय शान्ति समिति के सदस्य महती भूमिका निभाएंगे।
डीसी छवि रंजन ने राँचीवासियों को भी शांति व्यवस्था कायम रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करने के लिए आभार प्रकट किया है।

