झारखंड में हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत बादम स्टैंड से हजारीबाग जाने के क्रम में मंगलवार की सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में करीब दर्जन भर यात्री घायल हो गए। घायलों में महिलाएं एवं बच्चे शामिल हैं। गम्भीर रुप से घायल कुछ यात्रियों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग रेफर किया गया। जबकि बाकी घायलों का इलाज स्थानीय पीएचसी में किया गया।
घटना के बारे में बताया जाता है की आज सवेरे करीब 5.30 बजे जेकेवाई नामक बस जेएच 02एटी 8590 बादम मिडिल स्कूल के निकट पुल के मोड़ के पास पलट कर खेत में जा गिरी। बस पलटते ही चालक पप्पू व उप चालक सरवर फरार हो गया।
शराब पीकर बस चला रहा था चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक शराब पिए हुए था, क्योंकि वह सोमवार रात्रि बारात से लौटकर सुबह सुबह आया था। टाईम पकड़ने के लिए गाड़ी काफ़ी तेज गति से चला रहा था। जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर यह दुर्घटना घटी है। सूचना मिलते ही बड़कागांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर बस को अपने कब्जे में लिया तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाने में सहयोग किया।

