हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के अलग-अलग प्रखंडों में लगातार हाथियों के उत्पात से ग्रामीण परेशान हैं। रविवार की देर रात हाथियों ने इचाक प्रखंड के पुनाई पंचायत में दस्तक दी। यहां लोहंडी गांव में गांगो महतो के घर को पूरी तह से ध्वस्त कर दिया। गांगो महतो को जान बचाने के लिए दूसरे के घर में शरण लेनी पड़ी। इसके बाद पास में स्थित सुनीता देवी के घर और बाउंड्री को नुकसान पहुंचाया। खेत में लगी मक्के की फसल को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया। हाथियों के डर से रात भर ग्रामीण सहमे रहे।
सोमवार की सुबह वन विभाग की टीम पहुंची। ग्रामीणों ने वन विभाग से नुकसान की भरपाई की मांग की है। करीब 25 हाथियों का झुंड लगातार इस क्षेत्र में जमा हुआ है। आए दिन यह आसपास के किसी गांव में प्रवेश कर जाते हैं। इससे लोगों के घर व फसल को भारी नुकसान पहुंच रहा है। जान का खतरा बना रहता है। गांव के लोगों ने हाथियों को बाहर निकालने के लिए समूह बनाया है लेकिन इससे बहुत मदद नहीं मिल पा रही।

