रांचीः झारखंड में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला. हेमंत सरकार ने राज्य में आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं, जिसमें 17 जिलों के उपायुक्त (डीसी) बदले गए हैं. कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. अफसरों के ट्रांसफर और पदस्थापन की लिस्ट जारी की गई.
कई अनुभवी अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिलों का उपायुक्त (DC) बनाया गया. पांच डीडीसी (DDC) को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए डीसी के पद पर प्रमोट किया गया. लातेहार के डीसी उत्कर्ष गुप्ता को कोडरमा का नया डीसी बनाया गया है, जबकि कोडरमा के वर्तमान डीसी ऋतुराज को रामगढ़ भेजा गया है. जमशेदपुर सिटी एसपी कुमार शिवाशिष को कोडरमा का नया एसपी नियुक्त किया गया है.
अनुदीप सिंह को पाकुड़ का एसपी बनाया गया है. देवघर में शशि प्रकाश सिंह को उपायुक्त और प्रवीण पुष्कर को पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी दी गई है. चतरा, लोहरदगा, गढ़वा में किसे मिली जिम्मेदारी चतरा में भी बदलाव हुआ है, जहां कृति श्री का तबादला कर रवि आनंद को नया उपायुक्त बनाया गया है. रवि आनंद इससे पहले जामताड़ा में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. लोहरदगा में संदीप कुमार मीणा को डीसी नियुक्त किया गया है, जबकि राजीव रंजन को पूर्वी सिंहभूम का उपायुक्त बनाया गया है.
अनन्य मित्तल को गढ़वा और दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को पलामू का उपायुक्त बनाया गया है. डीडीसी को किया प्रमोट इसके अलावा, कई डीडीसी को प्रमोट कर डीसी की जिम्मेदारी दी गई है. खूंटी के डीडीसी आलोक कुमार को जामताड़ा, गोड्डा के डीडीसी दीपक कुमार दुबे को साहिबगंज और गुमला के डीडीसी दिलेश्वर महतो को गुमला का डीसी बनाया गया है. हेमंत सती को साहिबगंज से हटाकर हजारीबाग का डीसी बनाया गया है. कुछ अधिकारियों को फिलहाल कार्मिक विभाग में योगदान देने को कहा गया है, जिनमें कर्ण सत्यार्थी, आर रानिटा, दिनेश यादव और चंदन कुमार शामिल हैं. वहीं पलामू की डीसी रही समीरा एस को भी नई पोस्टिंग का इंतजार है.

