रांची, 2 सितम्बर 2025 – झारखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ चुका है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले बुधवार से शुक्रवार तक विभिन्न जिलों में भारी से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।
तापमान में गिरावट
बारिश के कारण राज्य में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 6 डिग्री कम है। वहीं, गोड्डा सबसे गर्म जिला रहा जहाँ अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की और गिरावट हो सकती है।
24 घंटे में विभिन्न जिलों में बारिश
- पलामू – सबसे अधिक 78.4 मिमी
- गढ़वा – 59 मिमी
- गुमला – 49.1 मिमी
- पूर्वी सिंहभूम – 48.4 मिमी
- पाकुड़ – 32 मिमी
- धनबाद – 31.6 मिमी
- पश्चिमी सिंहभूम – 27 मिमी
- खूंटी – 26.8 मिमी
- बोकारो – 26 मिमी
- रांची – 7.4 मिमी
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बना लो-प्रेशर एरिया अभी भी सक्रिय है। मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक यह अपनी जगह पर केंद्रित रहा और धीरे-धीरे व्यापक होता गया। इसी वजह से रांची और आसपास के जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
मानसून ट्रफ का असर
देश के पश्चिम से पूर्व तक फैला मानसून ट्रफ अभी भी बीकानेर, जयपुर, दतिया, सीधी, झारसुगुड़ा और पुरी से होकर गुजर रहा है। यह ट्रफ सीधे बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर से जुड़ा हुआ है। चूंकि यह प्रणाली ओड़िशा के उत्तरी हिस्से में सक्रिय है, इसलिए झारखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश जारी रहेगी।