रांची: राजधानी रांची के कांके रोड स्थित मशहूर चौपाटी रेस्टोरेंट में शनिवार देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात हुई। इस घटना में रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि घटना खाने के ऑर्डर को लेकर हुए विवाद के बाद हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
खाने के विवाद से बढ़ा विवाद, चली गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार की रात कुछ युवक रेस्टोरेंट में खाना खाने आए थे। उन्होंने वेज बिरयानी ऑर्डर की थी, लेकिन गलती से उन्हें नॉनवेज बिरयानी परोसी गई। इसी को लेकर विजय नाग और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि उनमें से एक युवक ने पिस्तौल निकालकर विजय नाग पर गोली चला दी।
गोली सीधे उनके सीने में लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इलाके में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे अधिकारी
गोलीबारी की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह खाने के विवाद से जुड़ा मामला लग रहा है, लेकिन अन्य कोणों से भी जांच की जा रही है। जमीन विवाद या पुरानी रंजिश की संभावना को भी नकारा नहीं जा रहा।
स्थानीयों में गुस्सा, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग
रेस्टोरेंट संचालक की हत्या के बाद स्थानीय लोग गुस्से में हैं और अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए जा रहे हैं।
एसएसपी का बयान
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि,
“होटल में खाने को लेकर संचालक और ग्राहकों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान गोली चली, जिससे होटल संचालक विजय नाग की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
क्या यह सोची-समझी साजिश थी?
सूत्रों के अनुसार, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह घटना सिर्फ खाने के विवाद का परिणाम थी या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।
कुछ स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किसी भूमि माफिया या पुरानी रंजिश के चलते भी यह वारदात रची गई हो सकती है.

