झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रांची सहित झारखंड में ठंड और कनकनी बरकरार है। राज्य में पिछले 24 घंटे में तापमान में गिरावट और बर्फीली हवा परेशान किए हुए। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं शीतलहर से अगले दो दिन तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मंगलवार को राज्य में सबसे कम तापमान गुमला का 8.5 डिग्री रहा। राज्य के तीन जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। आइए जानते हैं अगले 24 घंटे झारखंड का मौसम कैसा रहेगा।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रांची और इसके आसपास के जिलों में भी ठंड की स्थिति बनी हुई है। रांची का न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटे में करीब 2.5 नीचे जाकर 11.8 डिग्री हो गया गया। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम चल रहा है। वहीं, लोहरदगा का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री और खूंटी का न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा संताल परगना और कोल्हान के जिलों में भी न्यूनतम तापमान में कमी आयी है। पूर्वी सिंहभूम में 15.1 डिग्री न्यूनतम दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा है।

