झारखंड में शीतलहर और घने कोहरे ने दस्तक दे दी है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह के भीतर राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठिठुरन और अधिक बढ़ेगी।
लोहरदगा-रांची में रिकॉर्ड तोड़ गिरावट
पिछले 24 घंटों में लोहरदगा राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 5.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। रांची समेत राज्य के आधे से अधिक जिलों में सुबह और देर रात घना कोहरा छाया रह रहा है, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो गई है।
इन जिलों के लिए ‘अलर्ट’ जारी
मौसम केंद्र रांची ने 24 और 25 दिसंबर को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी, देवघर, दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में भीषण शीतलहर और और घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।
स्कूल के समय में बदलाव की मांग
बढ़ती ठंड और सुबह के वक्त कनकनी को देखते हुए अभिभावकों और विभिन्न संगठनों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है। मांग की गई है कि स्कूली छात्र-छात्राओं की सेहत को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की समय-सारणी में तुरंत बदलाव किया जाए। फिलहाल, शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है और लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।

