झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई है। चाईबासा-जगन्नाथपुर मुख्य सड़क पर स्थित सिरिंगसिया घाटी में कोल्ड ड्रिंक से लदी एक 407 गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब गाड़ी घाटी के घुमावदार रास्ते से गुजर रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें लदी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें सड़क पर बिखर गईं।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लेकिन मदद करने के बजाय कई लोग सड़क पर गिरी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें उठाकर अपने साथ ले जाते नजर आए।
यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने हैरानी जताई, क्योंकि हादसे के बाद प्राथमिकता घायल व्यक्ति की मदद होनी चाहिए थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में चालक को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सड़क पर बिखरे सामान को हटाकर यातायात को सामान्य किया गया।

