भारत मौसम विज्ञान विभाग ने झारखंड में 11 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी भागों में भारी वर्षा की संभावना जतायी है. आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि कोल्हान प्रमंडल के पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा होगी. कुछ जगहों पर गरज के साथ वज्रपात और वर्षा होने की भी संभावना है.
2 दिन में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक आयेगी गिरावट
मौसम विभाग ने बताया है कि कुछ जगहों पर वज्रपात होने की भी संभावना है. राज्य में अगले 2 दिन के दौरान उच्चतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेंटीग्रेड तक की गिरावट आ सकती है. इसके बाद अगले 2 दिन में इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम पूर्वानुमान में मौसम केंद्र रांची ने कहा है कि राज्य में अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है.
झारखंड में 24 घंटे के दौरान सामान्य रहा मानसून
पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में मानसून सामान्य रहा. इस दौरान राज्य में कुछ जगहों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई. कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हुई. सबसे अधिक 86 मिलीमीटर वर्षा धनबाद के पुटकी डीवीसी में हुई. इस दौरान सबसे अधिक उच्चतम तापमान 35.6 डिग्री सेंटीग्रेड चाईबासा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेंटीग्रेड लातेहार में दर्ज किया गया.