रांची: जिले के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित आर्मी एरिया में एक महिला मेजर के घर पर हमला हुआ है. हमले में न सिर्फ मेजर को चोट आई है बल्कि उनका मासूम बच्चा भी घायल हुआ है. इस संबंध में मेजर के द्वारा खेलगांव ओपी में एफआईआर दर्ज करवाई गई है.
क्या है पूरा मामला
रांची के दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन स्थित करियप्पा एन्क्लेव में एक सैन्य अधिकारी के आवास पर हमला करने का मामला सामने आया है. हमलावरों ने घर में घुसकर महिला अधिकारी के साथ मारपीट की तथा चार माह के बच्चे को जबरन छीनकर बाहर फेंक दिया. इस घटना में महिला और शिशु दोनों घायल हो गए.
महिला अधिकारी के होंठ कट गए, जबकि शिशु के सिर में सूजन आ गया. इस वारदात को अंजाम देकर अपराधी मौके से फरार हो गए. पीड़ित भारतीय सेना रेजिमेंट में मेजर के पद पर पदस्थापित अविलेष भारती ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है.
अपराधियों ने लाइट बंद कर की मारपीट
मेजर की ओर से थाना में दिए गए आवेदन में कहा गया कि 23 जनवरी की शाम लगभग सात बजे उनकी पत्नी मेजर रीना यादव अपने बच्चे के साथ इवनिंग वॉक कर घर लौटी थीं. घर पहुंचने के बाद वे बच्चे को लेकर अंदर गईं. इसके बाद बाहर से किसी ने मैम कहकर पुकारने की आवाज आई. संदेह होने पर जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया.
एक हमलावर ने उन्हें पीछे से पकड़ा. जबकि दूसरे ने बच्चे को छीनकर बाहर फेंक दिया. इसके बाद हमलावरों ने महिला को घसीटकर बैठक कक्ष में ले जाकर लाइट बंद कर दी और मारपीट की. हालांकि महिला अधिकारी ने किसी तरह से घर से बाहर निकलने में सफल रहीं.
इसके बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए. इस घटना में महिला अधिकारी के होंठ पर चोट आई है, जबकि बच्चे के सिर में सूजन बताई जा रही है. दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण सैन्य पॉलिक्लिनिक में कराया जा रहा है. पीड़ित पक्ष द्वारा बताया गया कि 24 जनवरी को शिशु के उपचार के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई जा सकी, जिसके बाद 25 जनवरी को लिखित आवेदन दिया गया.

