जमशेदपुर के बिष्टूपुर पुलिस ने दुर्गा पूजा की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाली महिलाओं के गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने 26 महिलाओं को हिरासत में लिया है, जो शहर में दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ में चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थीं। ये सभी महिलाएं पश्चिम बंगाल के हुगली की रहने वाली हैं और सोमवार को ही ट्रेन से शहर पहुंची थीं। सभी जुगसलाई के एक होटल में ठहरी थीं। होटल से गैंग की महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर भीड़ में लोगों के पर्स, मोबाइल और चेन की चोरी करती थीं। पुलिस ने इनके पास से चोरी के कई सामान भी बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह बिष्टूपुर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी में एक महिला की चेन चोरी हो गई थी। महिला ने थाना में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच की।
प. बंगाल और ओडिशा में भी सक्रिय है गिरोह
सूत्रों के अनुसार, यह गैंग पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के शहरों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। दुर्गा पूजा के दौरान यह गैंग सक्रिय रहता है और भीड़ का फायदा उठाकर लोगों के सामान की चोरी करता है। विजयदशमी के बाद यह गैंग वापस लौट जाता है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस गिरोह की महिलाओं तक पहुंची और जुगसलाई स्थित होटल पहुंचकर सभी को पकड़ लिया। थाना में सभी से पूछताछ की जा रही है।
आइसक्रीम वाले से छिनतई, दो धराए
जमशेदपुर के आजादनगर में मंगलवार दोपहर तीन युवकों ने आइसक्रीम बेचने वाले से करीब 1500 रुपये नकद और मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भाग रहे तीन में से दो आरोपियों को दबोच लिया। वहीं, एक आरोपी फरार हो गया। पीड़ित समतानगर से भुइयांडीह की ओर जा रहा था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और रुपये तथा मोबाइल छीनकर भागने लगे। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और टाइगर मोबाइल टीम को सूचना दी। दो आरोपियों कलीम और जिलानी को पकड़ लिया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है।