रांचीः झारखंड में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। कई जिलों में पारा 40 डिग्री के आसपास है। सरायकेला बुधवार को 40.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं रांची में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिन में तापमान में पांच डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार हैं।
17 और 19 अप्रैल को लू चलेगी
17 और 19 अप्रैल को रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा और पलामू सहित कुछ जिलों में लू चलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने इन जिलों में दो दिन के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है।
संताल परगना बादल छाए रहने की संभावना
वहीं 17-18 अप्रैल को संताल परगना के देवघर, दुमका, गोड्डा और पाकुड़ में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगह बारिश होने का अनुमान है। 19 अप्रैल से आसमान साफ रहेगा और मौसम शुरूक बना रहेगा। मौसम विभाग ने लू को लेकर लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।
अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। विशेष रूप से 17 से 19 अप्रैल के दौरान तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इस समय राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में प्रचंड गर्मी का असर देखा जा रहा है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

